अटल आवासीय विद्यालय में खाना खाने के बाद 49 छात्र-छात्राओं को पेट दर्द व उल्टियां होने की घटना के बाद प्रधानाचार्य ने खाना की सामग्री व खाना बनाने वाली कार्यदाई दो संस्थाओं के प्रबंधकों और सुपरवाइजर पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने इस पूरे मामले की गहनता से जांच पड़ताल करना शुरू कर दिया है।

थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम धौर्रा में स्थित अटल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य जियालाल निवासी सिघापुर टाउनशिप इंदौर लसुडिया इंदौर मध्य प्रदेश ने पुलिस को तहरीर दी। जिसमें बताया कि अटल आवासीय विद्यालय धौर्रा में पंजीकृत 707 बच्चों के भोजन व्यवस्था के लिए टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से मेसर्स शालूल एसोसिएट प्रबंधक ब्रजकिशोर निवासी इनायत नगर जनपद अयोध्या को बच्चों के भोजन व्यवस्था के लिए निविदा आवंटित की गई थी। नामित फर्म के सुपरवाइजर जयसिंह कुशवाहा निवासी ग्राम चलावर पोस्ट राजगढ़ शिवपुरी मध्य प्रदेश द्वारा भोजन के लिए लाई गई सामग्री व सब्जियां के रखरखाव और भोजन निर्माण में उदासीनता, लापरवाही बरते जाने के चलते विद्यालय के कुल 49 बच्चों को पेट दर्द एवं उल्टी हुई थी। इस कारण से बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनका इलाज चल रहा है। उक्त फर्म के प्रबंधक ब्रजकिशोर व उनके सहयोगी में जय अंबे फूड्स प्रोडक्टस झांसी प्रबंधक सुभाष गुप्ता निवासी पीतांबरा नगर बालाजी रोड झांसी घटना के लिए उत्तरदाई है। मैस में साफ-सफाई सही से न होने के कारण संक्रमण होने की आशंका भी रहती है। विद्यालय और मैस की साफ-सफाई का काम फर्म मेसर्स निर्मल फैसिलिटी मैनेजमेंट सर्विस प्राईवेट लिमिटेड लखनऊ के प्रबंधक प्रवीण टंडन निवासी वैभव खंड गोमती नगर लखनऊ के द्वारा किया जा रहा है। तहरीर में प्रधानाचार्य ने बताया कि साफ-सफाई व्यवस्था के लिए निर्मल फैसिलिटी मैनेजमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ प्रबंधक प्रवीण टंडन और भोजन व्यवस्था के लिए फर्म मे शालू एसोसिएट प्रबंधक ब्रजकिशोरऔर सुपरवाइजर जयसिंह कुशवाहा की लापरवाही, खराब खाद्य पदार्थों के इस्तेमाल, रखरखाव और साफ-सफाई में उदासीनता के चलते बच्चों का स्वास्थ्य खराब हुआ। थाना जाखलौन पुलिस ने दोनों कार्यदाई संस्थाओं के प्रबंधक और सुपरवाइजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह हुई थी घटना

पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को निशुल्क आवासीय शिक्षा देने के लिए ग्राम धौर्रा में अटल आवासीय विद्यालय निर्मित हैं। इस विद्यालय में करीब 707 छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं। 16 जुलाई को विद्यालयों के बच्चों ने यहां पर बनाए गए कड़ी चावल को खाया था। इसके कुछ देर बाद ही आधा सैकड़ा से अधिक बच्चों को पेट दर्द और उल्टियां होने लगी थी। इस पर विद्यालय प्रशासन ने जिला स्तर पर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी तो स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सकीय टीम विद्यालय पहुंची थी। यहां बच्चों को इलाज शुरू किया गया था। लेकिन इनमें से करीब 46 बच्चों की हालत ज्यादा खराब होने पर उनको मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज किया गया था। इसके बाद 17 जुलाई को भी तीन बच्चों की तबियत बिगड़ने पर भर्ती कराया गया था।

डीएम से लेकर मंडलायुक्त झांसी पहुंचे थे विद्यालय

अटल आवासीय विद्यालय के बच्चों की हालत बिगड़ने पर जिलाधिकारी सत्यप्रकाश विद्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने अन्य बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। इसके साथ मेडिकल काॅलेज में भर्ती बच्चों के पास भी पहुंचकर चिकित्सकों को उनके बेहतर इलाज के लिए निर्देशित किया था। 17 जुलाई को मंडलायुक्त झांसी मंडल झांसी विमल कुमार दुबे जनपद पहुंचे थे और उन्होंने मेडिकल कॉलेज में भर्ती बच्चों से उनका स्वास्थ्य जाना था। इसके बाद अटल आवासीय विद्यालय पहुंचकर यहां की स्थितियों को देखा और आवश्यक निर्देश दिए थे।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *