आगरा में पांच सड़कों को सीएम ग्रिड के तहत बदलने के बाद अगले चरण में चार और सड़कों को शामिल किया गया है। करीब 8 किलोमीटर लंबी चार सड़कों के निर्माण पर 138.53 करोड़ रुपये खर्च होंगे। दिवाली से पहले इन सड़कों का निर्माण शुरू हो सकता है।

इन दिनों 11.73 किलोमीटर लंबी पांच सड़कों का निर्माण सीएम ग्रिड के तहत किया जा रहा है, जिस पर 276 करोड़ रुपये की लागत आई है। चीफ मिनिस्टर ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के तहत अगले चरण में चार सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इनमें सड़क निर्माण के साथ-साथ ड्रेनेज, सीवर, पानी की पाइपलाइन, यूटिलिटी डक्ट, फुटपाथ, प्रकाश व्यवस्था, हरित पट्टी और अन्य आवश्यक सुविधाओं को शामिल किया जाएगा।

इन चार सड़कों में 100 फीट रोड से मानसरोवर क्रॉसिंग तक 1.26 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 22.78 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि मदिया कटरा से भावना क्लार्क्स इन तक 2.30 किमी. लंबे मार्ग के विकास के लिए 37.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। अहिल्याबाई होल्कर चौराहे से अवंतीबाई लोधी चौराहे तक 1.65 किमी. लंबे मार्ग के निर्माण पर 35.25 करोड़ रुपये और नुनिहाई पुलिस चौकी से शाहदरा चुंगी तक 2.60 किमी. के हिस्से पर 43 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निगम के मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि चारों सड़कों की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। मौजूदा सड़कों के आगे के हिस्से इस फेज में शामिल हैं।

अभी इन सड़कों का हो रहा निर्माण

हरीपर्वत से दिल्ली गेट तक 1.25 किमी लंबी सड़क 31.82 करोड़ की लागत से बनाई जा रही है। टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार एनएच-19 सर्विस रोड तक की 2.88 किमी. लंबी सड़क पर 75.40 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। बसई मंडी से इंद्रापुरम चौराहा मार्ग तक दो किमी. हिस्से पर 42.78 करोड़ और इंद्रापुरम चौराहे से अमर होटल मार्ग तक 2.20 किमी हिस्से पर 47.43 करोड़ रुपये की लागत आई है। सुभाष पार्क से कोठी मीना बाजार रोड होते हुए मारुति एस्टेट चौराहा तक 3.40 किमी लंबी सड़क पर 79.15 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *