Ayodhya Janakpur Train: रामनगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम अब सीधे रेलमार्ग से जुड़ गए हैं. भारत और नेपाल के बीच धार्मिक रिश्तों को नई पहचान देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन 23 नवंबर को किया गया. इस ट्रेन के शुरू होने से रामायण से जुड़े दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन करना श्रद्धालुओं के लिए आसान हो जाएगा. आम यात्रियों के लिए इस ट्रेन का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा.
604 किलोमीटर का सफर 18 घंटे में पहुंचेंगे जनकपुर
अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग 18 घंटे लगेंगे. खास बात यह है कि यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी. सरयू-कमला एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. इनमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं. भारत में इसका अंतिम स्टेशन जयनगर होगा, जहां से ट्रेन नेपाल में प्रवेश कर जनकपुर धाम पहुंचेगी.
सोमवार शाम अयोध्या से चलेगी ट्रेन
सरयू-कमला एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन संचालित होगी. गाड़ी संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी. वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से रवाना होगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी. इस दौरान ट्रेन गोरखपुर, बस्ती, सीतामढ़ी, रक्सौल और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेगी.
17 कोच से लैस होगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में आधुनिक 17 कोच वाला एलएचबी रैक लगाया गया है. इसमें आठ एसी कोच और सात स्लीपर कोच शामिल हैं. एसी श्रेणी में दो सेकंड एसी, तीन थर्ड एसी और तीन थर्ड एसी इकोनॉमी कोच होंगे. इसके अलावा एक एलएसएलआरडी और एक विद्युत उत्पादन के लिए एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच लगाया गया है. ट्रेन में स्लीपर श्रेणी के प्रत्येक कोच में 80 बर्थ की व्यवस्था होगी. हालांकि, फिलहाल रेलवे की ओर से इसका आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है.
रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
अयोध्या और जनकपुर धाम का संबंध रामायण की परंपराओं से जुड़ा हुआ है. अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है. दोनों शहरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालु बिना ट्रेन बदले एक तीर्थस्थल से दूसरे तीर्थस्थल तक पहुंच सकेंगे. इससे रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. खासकर उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जो लंबे समय से दोनों धार्मिक स्थलों की यात्रा की योजना बना रहे हैं.
भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
सरयू-कमला एक्सप्रेस केवल दो धार्मिक शहरों को जोड़ने वाली ट्रेन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भी अहम कदम है. बेहतर रेल संपर्क से सीमावर्ती इलाकों में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है. इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद भी है. अयोध्या से जनकपुर तक सीधी ट्रेन सेवा दोनों देशों की साझा विरासत, धार्मिक आस्था और आपसी मैत्री को नई मजबूती देगी.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने बालेन शाह को गले लगाया, रेड कार्पेट बिछाकर किया स्वागत, भारत ने नेपाल के लिए खोला खजाना!
