Cyclone Arnab's impact has stopped temperatures will rise during day and cold will increase at night

चक्रवाती तूफान अर्नब विदा, अब दिन में चढ़ेगा पारा।
– फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

उत्तर प्रदेश में चक्रवात अर्नब का असर अब लगभग खत्म हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से सोनभद्र और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। वहीं रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।


इससे पहले रविवार को विंध्य क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों से मौसम साफ हो गया। इसके साथ ही अब दिन में धूप तेज होने और तापमान बढ़ने का सिलसिला शुरू होगा। हालांकि रातें पहले के मुकाबले ठंडी होंगी। सुबह के समय कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा भी छा सकता है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बारिश का दौर थमने के बाद दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा, जबकि रात में ठंडक बढ़ेगी। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। रविवार सुबह लखनऊ, सहारनपुर, शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर समेत दस शहरों में हल्के से मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ज्यादातर जिलों में धूप निकल आई।

अर्नब ने बदला प्रदेश का आंकड़ा, यूपी में 14% अधिक वर्षा

चक्रवात अर्नब के असर से हुई बारिश ने अक्तूबर माह में यूपी में बारिश की कमी को सरप्लस में बदल दिया। 28 अक्तूबर से शुरू हुए बारिश के दौर से पहले प्रदेश में सामान्य से 45 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी। वहीं, दो दिनों तक हुई बारिश के बाद अब प्रदेश में सामान्य से 14 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है।



Source link