{“_id”:”6b02794ca92e9124a506b9a4″,”slug”:”former-mla-nephew-gets-life-imprisonment-and-son-gets-10-years-imprisonment-2026-11-22″,”type”:”feature-story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”अलीगढ़: 19 साल बाद आया फैसला, पूर्व विधायक के भतीजे को उम्रकैद और बेटे को दस साल का कारावास, तीन बरी”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

कोर्ट (प्रतीकात्मक फोटो)
– फोटो : एएनआई
विस्तार
अलीगढ़ में क्वार्सी थाना क्षेत्र के देवी नगला गांव में 19 साल पहले खूनी संघर्ष में नाहर सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। अपर सत्र न्यायाधीश तोष कुमार शर्मा की अदालत ने शनिवार को इस केस में सिकंदराऊ के पूर्व विधायक अमर सिंह यादव के भतीजे मोहकम सिंह को हत्या का दोषी पाते हुए उम्रकैद और बेटे सतीश को जानलेवा हमले में दस वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। 42 बीघा जमीन और वर्चस्व को लेकर हुई इस घटना में तनुज उर्फ राजेश निवासी सरोज नगर को भी उम्रकैद और सुभाष को जानलेवा हमले में सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है। तीन आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में बरी किया गया है।
एडीजीसी जीतू वार्ष्णेय ने बताया कि शहर से सटे देवी नगला गांव में राजनीतिक वर्चस्व को लेकर तत्कालीन विधायक अमर सिंह यादव और नाहर सिंह के परिवार के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। वारदात से करीब 12 साल पहले नाहर सिंह पक्ष ने 42 बीघा जमीन का इकरारनामा और तीन बीघा जमीन का मुख्तारनामा नरेंद्र शर्मा के नाम किया था। आरोप था कि नरेंद्र शर्मा ने तय रकम का पूरा भुगतान नहीं किया और तय सीमा से अधिक जमीन अन्य लोगों को बेच दी। इसमें तत्कालीन विधायक के बेटे सतीश और उनके परिवार से जुड़े लोगों को बेचे गए प्लॉट भी शामिल थे।
4 जनवरी 2007 को सुबह सतीश और तनुज विवादित जमीन पर बाउंड्री के लिए नींव खुदवा रहे थे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद संघर्ष हुआ। ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर नाहर सिंह की हत्या कर दी गई। इसमें कई लोग घायल हुए थे। इस मामले में नाहर सिंह के भाई राय सिंह की तहरीर पर क्वार्सी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अगले दिन दूसरे पक्ष ने भी क्रॉस केस दर्ज कराया था। इसमें प्रीतम और मोहकम को गोली व छर्रे लगने से घायल होने का आरोप लगाया गया था। बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि घटना की शुरुआत सतीश पर हमले से हुई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद सात आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।

