उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना सुबेहा क्षेत्र अंतर्गत 53.3 किलोमीटर के पास जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही एक तेज रफ्तार एंबुलेंस खड़ी पिकअप में पीछे से जा टकराई, जिसमें एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई।

बाराबंकी जनपद के थाना सुबेहा क्षेत्र में शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रफ्तार के कहर ने पांच लोगों की जान ले ली। राजस्थान नंबर की एक एंबुलेंस जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी।

​सुबह करीब 53.3 किलोमीटर माइलस्टोन के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

​सीएचसी हैदरगढ़ में डॉक्टरों ने पांचों को किया मृत घोषित 

बाराबंकी पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक मीडिया अपडेट के अनुसार, एंबुलेंस RJ 14 PF 8529 ने खड़ी पिकअप गाड़ी UP 78 JT 6480 में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एंबुलेंस में सवार पांचों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की हुई पहचान, पश्चिम बंगाल और राजस्थान के थे निवासी

पुलिस ने दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर सभी पांचों मृतकों की शिनाख्त कर ली है। मृतकों में पश्चिम बंगाल के जिला तूफानगंज, थाना सुपनस अंतर्गत ग्राम मुक्ती बाला भूत निवासी अमीनुल हक 40 पुत्र अब्दुल हुसैन और रुपिक 50 पुत्र अब्दुल रहमान शामिल हैं। इनके अलावा राजस्थान के जयपुर कच्ची बस्ती, जवाहर नगर निवासी मकबूल खान 52 पुत्र सुभान, अलवर पीपल खेर निवासी हरिओम योगी 31 पुत्र जयसिंह और जिला दौसा के थाना सलेमपुर अंतर्गत ग्राम ताल सीढ़ी निवासी अजय 33 पुत्र प्रकाश चंद्र योगी की भी इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है।

परिवारों में पसरा मातम, विधिक कार्रवाई में जुटी पुलिस

पुलिस द्वारा सभी मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर से राजस्थान और पश्चिम बंगाल स्थित उनके घरों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





Source link