इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर 21 चैनल बनाकर सात हजार लोगों को अश्लील सामग्री बेचने वाले बीटेक पास शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके तीन बैंक खातों में 1.20 करोड़ रुपये भी मिले हैं। अब तक की जांच में 10 हजार आपत्तिजनक वीडियो और 40 हजार फोटो भी मिल चुके हैं। आरोपी प्रयागराज का रहने वाला है।
हरदोई के रहने वाले एक छात्र ने अप्रैल में पोर्टल के जरिए शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि उसका एक एआई से बना अश्लील वीडियो सोशल मीडिया के टेलीग्राम पर अपलोड है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। कड़ी से कड़ी जोड़ने पर पता चला कि प्रयागराज के धूमलगंज थाना क्षेत्र के बम्हरौली के मकान नंबर 23 एफ/9 एफ निवासी विकास सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो और फोटो बेचने का कारोबार कर रहा था। पुलिस ने एक मुखबिर के जरिए उससे संपर्क साधा। मुखबिर ने अश्लील वीडियो मांगे तो उसने चैनल सब्सक्राइबर करने को कहा।
इसके लिए 350 रुपये का शुल्क जमा करने के लिए भी कहा गया। इसके बाद विकास ने अपना बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड मुखबिर को उपलब्ध करा दिया। यह सब मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हो गई और शहर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक रोशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विकास को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि विकास ने वर्ष 2019 में प्रयागराज के यूनाइटेड कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। 21 चैनल और ग्रुप बनाकर अश्लील सामग्री ऑनलाइन बेचने का कारोबार कर रहा था।