राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया गया है। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश की ओर से पांचवें चरण के प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 6 अक्तूबर से शुरू होंगे।
आईटीआई जेडी संजय सागर ने बताया कि चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया के बाद 3 अक्तूबर तक जिन राजकीय और निजी आईटीआई में सीटें खाली रह गई हैं, उन पर प्रवेश के लिए आवेदन मांगे गए हैं। ऐसे अभ्यर्थी जिनका पूर्व के चरणों में प्रवेश के लिए चयन हुआ था लेकिन किसी कारण से उन्होंने संस्थान में प्रवेश नहीं लिया, वे भी दोबारा पंजीकरण कर विकल्प भर सकेंगे।
अभ्यर्थियों को परिषद की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा। पहले से पंजीकृत अभ्यर्थी नए विकल्प भर सकेंगे, जबकि नए अभ्यर्थियों के लिए अलग से आवेदन का लिंक उपलब्ध रहेगा। आवेदन शुल्क: सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 250 रुपये तथा सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन प्रक्रिया 11 अक्तूबर रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
