आगरा के थाना अछनेरा में दो सिपाही और वरिष्ठ दरोगा पर एक युवक ने पिटाई के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि एक वारंटी की जमानत के नाम पर सिपाही ने 50 हजार मांगे। मना करने पर थाने के अंदर खींचकर ले गए। एक कमरे में पटे और डंडे से पीटा। इतने से भी मन नहीं भरा तो उंगुलियों को जूते से दबाया। बाद में शांति भंग की कार्रवाई कर दी। जमानत पर शुक्रवार को छूटने पर पीड़ित ने वीडियो वायरल किया।
विवादों से घिरे थाना अछनेरा में पुलिसकर्मियों की मनमानी और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में युवती से छेड़खानी के आरोप में एक पुलिसकर्मी पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अब पुलिस ने नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है। इस बार पुलिसकर्मियों पर एक युवक को रात भर थाने में अवैध रूप से बंद रखने उसको बेरहमी से मारपीट करने और रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित युवक ने थाना पुलिस और एसीपी अछनेरा से न्याय की गुहार लगाई है।