आगरा के लोहामंडी के खाती पाड़ा में बृहस्पतिवार को बंद घर में महिला का शव मिला। दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस का कहना है कि शव दो से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। महिला का पति से तलाक हो गया था। वह भाई के साथ रह रही थीं। मगर वो भी डेढ़ महीने पहले कहीं चला गया, तब से उसका कोई पता नहीं है।
एडीसीपी हिमांशु गाैरव ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि खाती पाड़ा के एक घर से दुर्गंध आ रही है। घर पर कूड़ा उठाने के लिए सफाईकर्मी आया था। उसने पड़ोसियों को जानकारी दी। इस पर यहां रहने वाले प्रकाश शर्मा ने पुलिस को बताया। पुलिस ने घर पहुंचकर जांच की। पता चला कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। इस पर वीडियोग्राफी के साथ दरवाजा तोड़ा गया।
फर्श पर मकान में रहने वाली नैना तिवारी का शव पड़ा हुआ था। उनकी उम्र तकरीबन 44 साल थी। वह अपने भाई सोमनाथ तिवारी के साथ रहती थीं। मगर भाई कई दिन से घर नहीं आया था। प्रकाश शर्मा ने पुलिस को बताया कि नैना देवी का शादी के कुछ महीने बाद ही पति से तलाक हो गया था।