जागरण संवाददाता, बिजनौर। गांवों में भमी विकास कार्यों की गाड़ी अब फिर से सरपट दौड़ेगी। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने छह ब्लाक के लगभग 120 करोड़ के विकास कार्यों को स्वीकृत कर दिया है। साथ ही क्षेत्र पंचायतों के भी 70 करोड़ रुपये के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए हैं। पांच ब्लाक की ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव भी एक दो दिन में स्वीकृत हो जाएंगे।

वर्ष 2021 में ग्राम पंचायतों में प्रधानी के चुनाव हुए थे। ग्राम प्रधानों का कार्यकाल इसी वर्ष 25 मई को खत्म हो गया था और नियम के अनुसार अब तक चुनाव दोबारा हो जाने चाहिए थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रदेश सरकार ने वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त कर दिया।

पहले ग्राम पंचायत खुद कार्य योजना बनाकर विकास कार्य कराती थीं, लेकिन प्रशासक बने ग्राम प्रधानों को वित्तीय अधिकार नहीं दिए गए। नियम बनाया गया कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की कार्य योजना बनाकर ब्लाक कार्यालय भेजी जाएगी। वहां से डीपीआरओ कार्यालय होते हुए कार्ययोजना डीएम कार्यालय पहुंचेगी।

डीएम द्वारा कार्ययोजना के स्वीकृत करने के बाद ही गांवों में विकास कार्य होंगे। जिले में 11 ब्लाक में एक हजार 123 ग्राम पंचायत हैं। पंचायतों में लगभग 200 करोड़ के विकास कार्यों के प्रस्ताव बनाकर भेजे गए थे।

डीएम ने ब्लाक मोहम्मदपुर देवमल, स्योहारा, कोतवाली, जलीलपुर, नूरपुर और नहटौर की कार्य योजना को स्वीकृत कर लिया है। यहां अब निर्माण से जुड़े कार्य हो सकते हैं। ब्लाक नजीबाबाद, हल्दौर, धामपुर, अफजलगढ़ और किरतपुर की कार्ययोजना भी एक दो दिन में स्वीकृत होने की संभावना है।

क्षेत्र पंचायतों के प्रस्तावों पर भी मुहर

ग्राम प्रधानों की तरह ब्लाक में ब्लाक प्रमुखों को भी प्रशासक बनाया गया है। क्षेत्र पंचायतों ने भी विकास कार्यों के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव दिए थे। इन प्रस्तावों को भी डीएम ने अनुमति दे दी है।



Source link