अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को डीन कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर मतदाताओं की सूची चस्पा होने के साथ छात्रसंघ चुनाव का शंखनाद होगा। आज से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो रही है।
सूची में सामने आने वाली त्रुटियों और आपत्तियों के आधार पर सुधार की प्रक्रिया पूरी कर मंगलवार को संशोधित मतदाता सूची प्रदर्शित की जाएगी। इस प्रक्रिया के बाद चुनावी कार्यक्रम अगले चरण में पहुंचेगा। छात्रसंघ चुनाव में मतदाता सूची अहम भूमिका निभाती है। सूची में नाम, विवरण या अन्य किसी तरह की त्रुटि होने पर संबंधित विद्यार्थियों को उसे दुरुस्त कराने का अवसर मिलेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 अक्तूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है।
अध्यक्ष पद पर पांच, उपाध्यक्ष पर छह दावेदार
अध्यक्ष पद के लिए पांच, उपाध्यक्ष पद के लिए छह और सचिव पद के लिए दो दावेदारों के नाम सामने आए हैं। संभावित प्रत्याशी सोशल मीडिया पर अपने-अपने अंदाज में प्रचार कर रहे हैं। हालांकि, चुनावी मैदान में कौन-कौन उतरेगा, इसकी अंतिम तस्वीर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही साफ होगी।
अध्यक्ष पद के लिए छात्र अब्दुल वहीद, मोहम्मद इंतिखाब, मोहम्मद जुहैर अहमद, नोमान अशरफ और शरजील इकबाल के नाम चर्चा में हैं। वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए छात्र आयमन हफीज खान, अब्दुल्लाह खान, इरफा खान, मोहम्मद सादान, नशरा नईम और साकिब अली खान के नाम सामने आए हैं। इसी तरह सचिव पद के लिए छात्र अहमद फराज रजी और मोहम्मद हम्दान के नाम चर्चा में हैं। संभावित दावेदार सोशल मीडिया के जरिये विद्यार्थियों तक पहुंच बनाने और अपने पक्ष में माहौल तैयार करने में जुटे हैं
