कालपी (जालौन)। अभी हाल में शाम 4 बजे कालपी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक एक तरफा प्रेम के चलते रेलवे यमुना ब्रिज पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई तथा युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक की पहचान सुहैल पुत्र शमशाद, उम्र लगभग 22 वर्ष, निवासी भट्टीपुरा, कालपी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक एक युवती से एक तरफा प्रेम करता है और उसी के चलते वह रेलवे यमुना ब्रिज पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली प्रभारी एवं तहसीलदार मौके पर पहुंच गए। अधिकारी युवक को समझाने-बुझाने में जुटे रहे और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की मांग थी कि उसकी मुलाकात उसकी प्रेमिका से कराई जाए। बताया जा रहा है कि संबंधित युवती आज़मगढ़ जनपद की रहने वाली है। युवक लगातार अपनी बात पर अड़ा रहा, जिसके चलते प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी युवक को शांतिपूर्वक समझाकर सुरक्षित नीचे लाने के प्रयास में लगे रहे। समाचार लिखे जाने तक स्थिति नियंत्रण में थी और अधिकारियों द्वारा युवक की काउंसलिंग कर उसे समझाने का प्रयास किया जा रहा था।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा तथा लोगों की भारी भीड़ रेलवे यमुना ब्रिज के आसपास जमा रही। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
