आगरा के थाना शाहगंज के सराय ख्वाजा क्षेत्र में व्यापारियों ने टीएसआई पर मनमानी का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। दुकान पर आए ग्राहकों समेत उनके वाहनों के जबरन चालान करने और डग्गेमार वाहन चालकों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। जनप्रतिनिधियों के कार्यकर्ताओं तक के चालान काटने की बात कही।

सराय ख्वाजा के खेरिया मोड़ क्षेत्र के तिरंगा चौक पर रोजाना व्यापारी ध्वजारोहण करते हैं। इस दौरान अतिथियों को भी बुलाया जाता है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि कुछ दिनों से क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस ने परेशान कर रखा है। घरों के बाहर खड़े वाहनों के 7 हजार रुपये तक के चालान काटे जा रहे हैं। दुकान पर 20 रुपये की बेड़ई खाने आए ग्राहक का 2 हजार रुपये का चालान कर देते हैं। दुकानों और ऑफिसों के संचालक और उनके स्टाफ की गाड़ियों के चालान कर देते हैं, जबकि वाहन सफेद लाइन के पीछे खड़े हैं। 

ग्राहकों ने दुकानों पर आना कम कर दिया है। शुक्रवार को भी सुबह से ही इस तरह मनमानी चालान किए जा रहे थे। इसका व्यापारियों ने विरोध किया है। व्यापारी दिनेश अरोड़ा ने बताया कि चौराहे से 70 मीटर दूर आटो की पार्किंग है। वहां कोई बोर्ड नहीं है। देहात के परमिट के लाल ऑटो और फतेहपुरसीकरी की सवारियां भरने वाले डग्गामार वाहन दिन भर सड़क घेर कर खड़े रहते हैं पर सुविधा शुल्क के कारण उनके ऊपर पुलिस की नजर नहीं जाती है। पुलिस चौकी के बाहर भी हर वक्त दर्जनों आटो खड़े रहते हैं पर कार्रवाई नहीं होती है। इसके लिए व्यापारी पूर्व में नगर आयुक्त और डीसीपी ट्रैफिक से भी शिकायत कर चुके हैं। यही हाल रहा तो व्यापारी प्रतिष्ठान बंद कर धरना देने को मजबूर हो जाएंगे।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें