औरैया कोतवाली क्षेत्र के भीखेपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 28 वर्षीय नवविवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में पंखे के सहारे पीले रंग के गमछे से बने फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान विभा पत्नी आलोक कुशवाहा के रूप में हुई।

.

सुबह फोन नहीं उठने पर मायके पक्ष के लोग भीखेपुर पहुंचे थे, जहां कमरे में विभा का शव फंदे पर लटका देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अप्रैल में हुई थी शादी

फफूंद थाना क्षेत्र के सिम्हारा गांव निवासी स्व. प्रेम कुमार की पुत्री विभा की शादी अप्रैल 2026 में भीखेपुर निवासी जगदीश कुशवाहा के पुत्र आलोक के साथ हुई थी। विभा के ससुर जगदीश और सास शकुंतला हैं। परिजनों के अनुसार आलोक निजी विद्यालय में पढ़ाने के साथ घर पर कोचिंग भी चलाता है।

मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही विभा की तबीयत खराब हो गई थी। ससुराल पक्ष द्वारा समुचित इलाज न कराए जाने की बात कहते हुए मायके वाले विभा को अपने साथ ले गए थे। औरैया में करीब दो से ढाई महीने तक उसका इलाज कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद करीब 15 दिन पहले ही वह दोबारा ससुराल पहुंची थी।

गृहक्लेश को लेकर मायके वालों ने जताई चिंता

परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही विभा घर में होने वाले विवाद और गृहक्लेश को लेकर परेशान रहती थी। बुधवार शाम भी विवाद की जानकारी मिलने पर उसके चाचा उमाकांत भीखेपुर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि चाचा उमाकांत ने करीब चार घंटे तक परिवार के लोगों को समझाकर मामला शांत कराया था, जिसके बाद वह वापस चले गए। मृतका की मां ममता भी घटना से पहले करीब तीन दिनों से बेटी के पास भीखेपुर में थीं। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने घर सिम्हारा लौट गईं। घर पहुंचने के बाद उन्होंने बेटे पवन से विभा का हालचाल लेने के लिए फोन करने को कहा।

फोन नहीं उठा तो अनहोनी की आशंका

भाई पवन कुमार ने कई बार विभा को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी संपर्क करने का प्रयास किया, मगर फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद पवन अपने चाचा उमाकांत और नीलम कुमार के साथ बाइक से भीखेपुर पहुंचे। घर के अंदर कमरे में पहुंचने पर विभा का शव पंखे के सहारे गमछे से बने फंदे पर लटका मिला। यह देखते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उतारा गया शव

सूचना पर डायल-112 पुलिस के साथ प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार और मुरादगंज चौकी प्रभारी विकास त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। विवाहिता की मौत को देखते हुए मजिस्ट्रेट को भी सूचना दी गई। नायब तहसीलदार अशोक कुमार की मौजूदगी में शव को फंदे से उतरवाया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सुबह विवाद की भी चर्चा

आसपास के लोगों के अनुसार गुरुवार सुबह भी घर में विवाद होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि विवाद के करीब दो घंटे बाद विभा की मौत की जानकारी सामने आई। हालांकि, सुबह हुए विवाद की वास्तविक वजह और उसकी मौत की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति और कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

मृतका के मायके पक्ष ने गृहक्लेश सहित अन्य परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link