इटावा। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में संविदा कर्मी के इंजेक्शन लगाने से युवक की मौत के बाद भी जिम्मेदारों ने सबक नहीं लिया। रविवार को इमरजेंसी कक्ष की व्यवस्थाएं पुराने ढर्रे पर ही चलती नजर आईं। मरीजों की जान से खिलवाड़ करते हुए वार्ड बॉय इंजेक्शन लगाते दिखे, जबकि निजी एंबुलेंस कर्मी मरीजों का ब्लड प्रेशर नापते नजर आए। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और फार्मासिस्ट दूसरे कमरे में बैठकर मरीजों को देखते रहे। रविवार को संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पड़लाल की तो घटना के महज 24 घंटे बाद ही इमरजेंसी में लापरवाही की पुरानी तस्वीर सामने आई।

शनिवार तड़के इमरजेंसी में बाहरी युवकों के इंजेक्शन लगाने से मड़ैया शिव नारायण निवासी अतिन कुमार (32) की मौत हो गई थी। इस गंभीर घटना के बाद उम्मीद थी कि अस्पताल प्रशासन सख्ती दिखाएगा और केवल प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों से ही इलाज कराया जाएगा। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते इमरजेंसी जैसी संवेदनशील जगह पर भी नियमों को ताक पर रखकर काम किया जा रहा है।

————–

इमरजेंसी में बच्चे को इंजेक्शन लगाता वार्डबॉय

जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार सुबह 11 बजकर 46 मिनट पर व्यवस्थाएं पुराने ढर्रे पर नजर आईं। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और फार्मासिस्ट दूसरे कमरे में व्यस्त रहे, जबकि वार्ड बॉय एक बीमार बच्चे को इंजेक्शन लगाता दिखा।

—————-

महिला का ब्लड प्रेशर चेक करता निजी एंबुलेंस कर्मी

इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मी दूसरे कमरे में मरीजों को देखने में व्यस्त रहे, जबकि दोपहर में 12 बजकर पांच मिनट पर एक निजी एंबुलेंस कर्मी बीमार महिला का ब्लड प्रेशर चेक करता नजर आया।

———————-

जिला अस्पताल की इमरजेंसी में अगर वार्ड बॉय इंजेक्शन व प्राइवेट एंबुलेंस कर्मी ब्लड प्रेशर नाप रहा है तो लापरवाही है। इस मामले में जिम्मेदार स्वास्थ्य कर्मियों से पूछताछ की जाएगी। वहीं, इमरजेंसी फार्मासिस्ट के पास बहुत काम होते हैं। इसकी वजह से यह दिक्कत आ रही है। एक दिसंबर से इंजेक्शन आदि के लगाने की जिम्मेदारी नर्सिंग स्टाफ को दी जाएगी। इसके लिए कक्षा संख्या में व्यवस्था करवाई जा रही है, इसके बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी।

-डॉ. पारितोष शुक्ला, सीएमएस, जिला अस्पताल।



Source link