Kannauj: Lawyer shot dead near the Kotwali; incident sparks widespread alarm

अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कन्नौज में रविवार शाम थाने के पास कोयला वाली गली में मामूली विवाद के बाद एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को उनके सहयोगी आनन-फानन में सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिवाली के दिन सरेशाम हुई इस वारदात से नगर में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।


शहर मोहल्ला सुभाष नगर, पश्चिमी बाईपास निवासी अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी (38) पुत्र गणेश शंकर चतुर्वेदी रविवार को अपने घर से बाजार जाने के लिए निकले थे। बताया गया कि थाने के पास कोयला वाली गली में सामने से आ रहे अमोल दीक्षित से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अमोल दीक्षित ने रिवॉल्वर से अनुज चतुर्वेदी को गोली मार दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच उनके कुछ सहयोगी मौके पर पहुंच गए और घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ मयंक मिश्रा कोतवाल कपिल दुबे मौके पर पहुंच गए। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

नौ साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया

अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी लक्ष्मी चतुर्वेदी और मां सुमन चतुर्वेदी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी करीब नौ वर्षीय बेटी सिद्धू है। पिता की मौत से मासूम बेटी के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। अनुज चार भाइयों अश्विनी, आशुतोष, अंकित और अनुज में सबसे छोटे थे। उनके पिता गणेश शंकर चतुर्वेदी उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) पद से सेवानिवृत्त हैं।

अधिवक्ता की हत्या से वकीलों में आक्रोश

नगर के बीचोंबीच थाने के पास हुई इस वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ मयंक मिश्रा ने बताया कि हत्या के पीछे विवाद की वास्तविक वजह और वारदात में प्रयुक्त रिवॉल्वर सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।



Source link