परेड चौराहे पर दरोगा की पत्नी से तीन टप्पेबाजों ने ढाई लाख कीमत की चेन पार कर दी। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है। सोमवार को पीड़िता ने सीपी से मामले की शिकायत की। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। चौबेपुर निवासी महिला अनीता ने सीपी को बताया कि उनके पति दिनेश कुमार ललितपुर में दरोगा के पद पर कार्यरत हैं।
बताया चार दिन पूर्व खरीदारी के लिए परेड आई थीं। चौराहे के पास एक महिला और दो युवक मिले। तीनों ने कहा कि वे बाहर से आए हैं। किसी को पार्सल करना है मदद कर दें। अनीता उन्हें 50 रुपये देने लगीं तो एक युवक ने उनके पैर पकड़ लिए। अनीता का कहना है कि युवक के पैर पकड़ते ही वह सम्मोहित हो गईं। तीनों के साथ पैदल चलते हुए बड़े चौराहे तक पहुंच गईं। वहां पहुंचने पर होश आया तो गले में पड़ी चेन गायब थी। तीनों टप्पेबाज भी नहीं नजर आए। सीपी का कहना है कि टप्पेबाजों की गिरफ्तारी के लिए सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
