नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर हादसा, टक्कर मारकर कार चालक फरार

नवाबगंज, फर्रुखाबाद। नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर बुधवार शाम कार की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव नगला भूढ़ निवासी सनी पुत्र रामलाल अपने बड़े भाई अनुज और चचेरे भाई अभिषेक पुत्र राम सिंह के साथ मंगलवार को थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव हुसैनपुर स्थित अपने बहनोई अरविंद के घर आए थे। यहां उनके 11 वर्षीय भांजे की मौत हो गई थी।

बुधवार शाम करीब 6:30 बजे तीनों युवक दिल्ली जाने के लिए नवाबगंज से बस का टिकट बुक कराने के बाद बाइक से वापस हुसैनपुर जा रहे थे। इसी दौरान नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर मुख्य चौराहे से करीब 100 मीटर आगे सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने तीनों घायलों को सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया।

सीएचसी में डॉक्टर नितेश कुमार ने सनी और अभिषेक को प्राथमिक उपचार दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अनुज को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस चालक भंवर सिंह और ईएमटी निखिल कुमार ने घायल को लोहिया अस्पताल पहुंचाया।



Source link