बुलंदशहर के डिबाई कोतवाली क्षेत्र के उदयपुर कला गांव में खेत में मिट्टी जाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में घायल 60 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में एक ही परिवार के 10 लोग घायल हुए थे।
.
बुजुर्ग की मौत से नाराज ग्रामीणों ने धर्मपुर चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दी और प्रदर्शन किया।
सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने ग्रामीणों से बातचीत कर अतिक्रमण हटाने और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
खेत में मिट्टी जाने को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे एक पक्ष के लोग अपने खेत में मिट्टी डाल रहे थे। इसी दौरान मिट्टी पड़ोसी के खेत में चली गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

फरसा, कुल्हाड़ी और फावड़े से हमला करने का आरोप
पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए फरसा, कुल्हाड़ी, फावड़े और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट में बुजुर्ग समेत एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डिबाई ले जाया गया। गंभीर हालत में उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत
अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान 60 वर्षीय कल्लू उर्फ कल्याण सिंह की मौत हो गई। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मधुप कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी विशाल प्रताप सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया।

शव रखकर सड़क जाम की, विधायक ने दिया आश्वासन
मौत से नाराज ग्रामीणों ने धर्मपुर चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दी। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जाम की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी ने ग्रामीणों से बातचीत की और अतिक्रमण हटाने के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा दिया।
नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर
पीड़ित पक्ष ने नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
