गाजियाबाद, न्यूज24 डिजिटल: उत्तर प्रदेश में हुए IPS अधिकारियों के तबादले के बाद लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है. 2000 बैच की IPS अधिकारी लक्ष्मी सिंह इससे पहले गौतमबुद्धनगर (नोएडा) की पुलिस कमिश्नर थीं. वह नोएडा की पहली महिला पुलिस कमिश्नर बनी थीं. अब उन्हें गाजियाबाद की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
मैकेनिकल इंजीनियरिंग और समाजशास्त्र की पढ़ाई
लक्ष्मी सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की रहने वाली हैं. उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है. इसके बाद उन्होंने समाजशास्त्र में MA की डिग्री भी हासिल की. वह 2000 बैच की IPS अधिकारी हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उनकी शिक्षा और सेवा से जुड़ी जानकारी दी गई है.
आगरा से लेकर कई जिलों में संभाली जिम्मेदारी
लक्ष्मी सिंह ने अपने पुलिस करियर में कई अहम पदों पर काम किया है. वह आगरा में DIG के पद पर रह चुकी हैं. इसके अलावा फर्रुखाबाद और बुलंदशहर जैसे जिलों में पुलिस कप्तान यानी SP की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं. उनके पास जिले और रेंज स्तर पर काम करने का अनुभव है. उन्होंने पुलिस विभाग के अलग-अलग पदों पर रहते हुए काम किया है.
नोएडा की पहली महिला पुलिस कमिश्नर बनी थीं
नवंबर 2022 में लक्ष्मी सिंह को गौतमबुद्धनगर का पुलिस कमिश्नर बनाया गया था. इस नियुक्ति के साथ वह उत्तर प्रदेश में पुलिस कमिश्नर बनने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं. नोएडा में करीब चार साल तक जिम्मेदारी संभालने के बाद अब उनका तबादला गाजियाबाद कर दिया गया है. लक्ष्मी सिंह को पुलिस सेवा में उनके काम के लिए कई सम्मान भी मिल चुके हैं. इनमें 2016 का पुलिस मेडल और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मिला उत्कृष्ट सेवा मेडल शामिल है.
