आगरा के रहनकलां और रायपुर में बसाए जा रहे ग्रेटर आगरा टाउनशिप के लिए चिह्नित भूमि पर बुधवार को आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने कब्जे की कार्रवाई की। एडीए के संयुक्त सचिव सुरेंद्र बहादुर सिंह और तहसीलदार हरिलाल चौधरी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने किसानों के विरोध के बीच करीब 49 हेक्टेयर भूमि पर कब्जा लिया। किसानों और अधिकारियों के बीच विरोध और नोकझोंक की स्थिति भी बनी रही। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

टीम ने मनोहरपुर गांव में अधिग्रहित भूमि पर कार्रवाई शुरू की तो किसान नेता विपिन यादव के साथ अन्य किसानों ने विरोध किया। किसानों का कहना था कि उनकी मांगों का समाधान किए बिना जमीन पर कब्जा न लिया जाए। विरोध के बावजूद प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी। पुलिस की मौजूदगी में बुल्डोजर और ट्रैक्टरों की मदद से अधिग्रहित भूमि पर किसानों की ओर से की गई मेड़बंदी को हटाया गया। इसके बाद करीब 49 हेक्टेयर भूमि को एडीए के कब्जे में ले लिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी देर तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही।

84.4 प्रतिशत किसानों को दिया जा चुका है मुआवजा

एडीए के संयुक्त सचिव ने बताया कि रहनकलां और रायपुर में ग्रेटर आगरा टाउनशिप योजना विकसित करने के लिए अधिग्रहित भूमि में से 84.4 प्रतिशत किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है। करीब 13 प्रतिशत ऐसे किसान हैं, जिनके नोटिफिकेशन के बाद बैनामा कराया गया है। शेष मामलों में पारिवारिक विवाद और न्यायालय से संबंधित प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की भूमि पर कोई वाद-विवाद नहीं है, वहां पहले से ही विकास कार्य शुरू कराया जा चुका है। इसी क्रम में बुधवार को 49 हेक्टेयर भूमि पर कब्जे की कार्रवाई की गई।

ग्रेटर आगरा में बसाई जाएगी आधुनिक टाउनशिप

ग्रेटर आगरा टाउनशिप के तहत रहनकलां और रायपुर क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया शहरी क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। योजना में आवासीय क्षेत्रों के साथ सड़कें, व्यावसायिक क्षेत्र, संस्थागत क्षेत्र, पार्क और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा क्षेत्र में आवश्यक नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को भी विकसित करने की योजना है। एडीए की ओर से चरणबद्ध तरीके से अधिग्रहित भूमि पर विकास कार्य कराया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *