अमेठी: अमेठी में महिलाएं अब घर बैठे ही अपना रोजगार शुरू कर सकती हैं. इसके लिए उन्हें न तो ज्यादा पैसे लगाने की जरूरत है और न ही काम सीखने के लिए कहीं भटकना पड़ेगा. मूंज क्राफ्ट के बिजनेस में सरकार की ओर से मुफ्त प्रशिक्षण और टूल किट दी जा रही है. साथ ही, बिजनेस शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये तक की धनराशि पर 25 प्रतिशत अनुदान भी मिलेगा. खास बात यह है कि इस योजना के तहत 5 साल तक ब्याज भी नहीं देना होगा.
दरअसल, अमेठी में मूंज क्राफ्ट को एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में शामिल किया गया है. इसी वजह से अब लोग इसे सिर्फ पारंपरिक काम नहीं, बल्कि कमाई का अच्छा जरिया भी मान रहे हैं. मूंज से बने सामान की खूबसूरती लंबे समय तक बनी रहती है और ये आसानी से खराब भी नहीं होते. ऐसे में इस काम को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. अगर महिलाएं चाहें तो घर से ही इस बिजनेस की शुरुआत कर सकती हैं.
कहां से शुरू करें मूंज क्राफ्ट का बिजनेस?
मूंज क्राफ्ट का बिजनेस शुरू करने के लिए जिला उपायुक्त उद्योग कार्यालय जाना होगा. यहां 5 लाख रुपये तक की धनराशि पर 25 प्रतिशत अनुदान यानी छूट दी जाती है. इसके साथ ही 5 साल तक किसी तरह का ब्याज नहीं देना होता. इस काम को सीखने के लिए प्रशिक्षण और टूल किट भी पूरी तरह मुफ्त दी जाती है. ऐसे में जिन महिलाओं को मूंज क्राफ्ट का काम पहले से नहीं आता, वे भी प्रशिक्षण लेकर अपना काम शुरू कर सकती हैं.
200 से 1500 रुपये तक बिकते हैं सामान
मूंज क्राफ्ट का सामान नदी किनारे मिलने वाली कास और मूंज से तैयार किया जाता है. इसे बनाने में एक से दो दिन तक की मेहनत लगती है. तैयार सामान की कीमत 200 रुपये से शुरू होकर 1,000 और 1,500 रुपये तक होती है. ऐसे में महिलाएं इस काम को करके अच्छी कमाई कर सकती हैं और सालभर में लाखों रुपये तक कमा सकती हैं.
महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल
मूंज क्राफ्ट के उद्यमी भवानी प्रसाद निषाद ने बताया कि जिलाधिकारी ने भी इस उत्पाद की ब्रांडिंग करने और इसकी बिक्री बढ़ाने पर जोर दिया है. इससे महिलाओं को रोजगार मिलेगा. महिलाएं मूंज से अलग-अलग तरह के उत्पाद तैयार करें और उनके डिजाइन में बदलाव करें तो उन्हें इसका अच्छा फायदा मिल सकता है. इससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनेंगी. उन्होंने इसे महिलाओं के लिए अच्छी पहल बताया.
वहीं, बिजनेस एक्सपर्ट प्रकाश जायसवाल ने बताया कि कई महिलाएं केंद्र तक नहीं पहुंच पाती हैं. उनके सामने कई तरह की समस्याएं होती हैं. इसलिए उनकी टीम घर-घर जाकर महिलाओं को प्रशिक्षण दे रही है और उन्हें रोजगार से जोड़ रही है. महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए उन्हें उपयोगी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि वे इस काम को समझकर आत्मनिर्भर बन सकें.
बिजनेस शुरू करने के लिए किन दस्तावेजों की होगी जरूरत?
मूंज क्राफ्ट का बिजनेस शुरू करने के लिए महिला को करीब 10 सदस्यों का समूह बनाना होगा. इसके बाद सभी सदस्यों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर की जरूरत होगी. इसके साथ ही प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करके जिला उपायुक्त उद्योग कार्यालय में जमा करनी होगी. यहां पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर लाभ दिया जाएगा. योजना के तहत बिजनेस शुरू करने के लिए महिलाओं को प्रशिक्षण और टूल किट भी उपलब्ध कराई जाएगी.
