जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दूसरे जनपदों से मुरादाबाद में मिलावटी पनीर की आपूर्ति किए जाने की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। अमरोहा गेट पर प्रेस लिखी मारुति ईको गाड़ी में करीब 5.50 क्विंटल संदिग्ध पनीर मिला। गाड़ी पर यूपी-21 डीएन-0015 नंबर दर्ज था।
हैरानी की बात यह रही कि मौके पर न चालक मिला और न ही पनीर के संबंध में कोई जिम्मेदार व्यक्ति। पनीर से अरुचिकर दुर्गंध आ रही थी और वह अस्वास्थ्यकर प्रतीत हो रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामकिशोर ने पनीर का नमूना संकलित किया। इसके बाद पूरी खेप को जेसीबी से कूड़ाघर स्थित डिकंपोजिंग प्लांट में जमीन में दबाकर नष्ट करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग को दूसरे जनपदों से मिलावटी पनीर आने की सूचना मिली थी। इसी क्रम में मुखबिर ने अमरोहा गेट पर प्रेस लिखी ईको गाड़ी खड़ी होने की जानकारी दी। इस पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामकिशोर और राजीव कुमार की टीम मौके पर पहुंची। जांच में गाड़ी के अंदर भारी मात्रा में पनीर मिला।
नमूना लेने के बाद करीब 550 किलो पनीर नष्ट करा दिया गया। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध और अस्वास्थ्यकर प्रतीत होने के कारण उसे नष्ट कराया गया है। निर्माण और बिक्री में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
