आगरा के थाना सिकंदरा से चंद कदम की दूरी पर सोमवार रात चोरों ने एक कपड़ा शोरूम में सेंध लगा दी। छत पर लगे गेट को उखाड़कर घुसे चोर 16 लाख रुपये के जींस, टीशर्ट, कोट, पैंट और साड़ियां ले गए। मंगलवार सुबह शोरूम खोलने पर घटना की जानकारी हो सकी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो शोरूम के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। हालांकि पुलिस बाजार में लगे अन्य कैमरों को खंगाल रही है।
कैलाश मंदिर के महंत दिलीप कुमार गोस्वामी का सिकंदरा बाजार में गोस्वामी क्लाथ स्टोर के नाम से दो मंजिला शोरूम है। छत पर चढ़ने के बाद सीढ़ियों पर लगे दरवाजे को उखाड़ दिया और शोरूम में पहुंच गए। दिलीप के भतीजे विक्रांत ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे वे कर्मचारियों के साथ शोरूम खोलने पहुंचे। शटर खोलने पर अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ देखा। इसी दौरान खुले पड़े गल्ले पर नजर गई।
विक्रांत ने बताया कि गल्ले से सारी रकम गायब थी। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। जांच में सामने आया है कि चोर छत के रास्ते शोरूम में घुसे थे। इसके बाद चोरों ने भूतल पर आकर कोट, पैंट, जींस, टीशर्ट, साड़ी, सूट और लहंगे चोरी कर लिए। पीड़ित के अनुसार चोर करीब 16 लाख रुपये का सामान और नकदी चोरी करके ले गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
चार साल पहले भी हुई थी चोरी
पीड़ित का कहना है कि चोर अपने साथ वाहन को लेकर आए थे। चोरों को पहले से पता था कि शोरूम में छत के रास्ते से घुसा जा सकता है। पीड़ित ने बताया कि चार साल पहले भी शोरूम में चोरी हुई थी। तब चोर करीब 11 लाख रुपये का माल ले गए थे। तब आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे लेकिन वारदात का खुलासा नहीं हो सका। अब एक बार फिर घटना हुई है। उधर घटना के बाद बाजार के अन्य व्यापारियों में रोष है।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शोरूम में चोरी के मामले की जांच की जा रही है। 16 लाख रुपये के सामान की चोरी बताई गई है। हालांकि जांच में अधिकतर सामान सुरक्षित मिला है।
