झांसी। जन्माष्टमी पर्व पर बनने वाले लड्डू इस बार महंगे बनेंगे। गुड़, पिसी शक्कर, खसखस के दाने, मेवा, गरी आदि सामग्री के दाम पिछले कुछ दिनों में बढ़े हैं। इसके साथ ही साबूदाना एवं सिंघाड़े के आटा के दाम भी भाव खा रहे हैं।


पर्व को लेकर घरों एवं मंदिरों में तैयारियां पूरे उत्साह से चल रही हैं। भगवान कान्हा को प्रसाद में चढ़ाने के लिए गुड़ के लड्डू लगभग सभी घरों में शुभ शगुन के रूप में बनाए जाएंगे। हालांकि इस साल गुड़ के लड्डू कुछ ज्यादा महंगे बनेंगे। किराना व्यापारियों के अनुसार इन दिनों गुड़ 75 से 80 रुपये किलो है, जबकि एक माह पहले यह 55 से 60 रुपये किलो था। खसखस का दाना पहले 1200 रुपये किलो था, अब 1500 -1600 रुपये किलो है। गरी गोला पहले 300 से 350 रुपये था, अब 400 से 450 रुपये किलो बिक रहा है। किशमिश 400 से 450 रुपये किलो है, जो पहले 200 से 300 रुपये किलो थी।

चिरौंजी, बादाम व छुहारा के भाव में भी वृद्धि है। जबकि काजू एवं मखाना के दाम पहले की तरह लगभग स्थिर हैं। पिसी शक्कर 70 से 75 रुपये किलो चल रही है, जो पहले 60 थी। वहीं, साबूदाना 70 से 90 एवं सिंघाड़े का आटा 150 से 200 रुपये किलो है। किराना व्यापारी हर्षित साहू व चंदू गुप्ता के अनुसार गुड़, मेवा व व्रत की सामग्री के भाव हाल के कुछ दिनों में तेजी बढ़े हैं। लेकिन त्योहार के चलते बाजार में उत्साह है और लोग खरीद रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *