फरार थाना प्रभारी सहित दो पर 25-25 हजार का इनाम
निरपराध लोगों को हिरासत में लेकर धन उगाही के मामले में दर्ज मुकदमों में आरोपितों में शामिल सुरेरी थाने में तैनात रहे फरार थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश सिंह व देहुआ गांव निवासी राज नारायन गिरि पर एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने गुरुवार को 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। उनकी गिरफ्तारी को गठित छह पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
इस मामले में पुलिस ने बुधवार को सुरेरी थाने के दो पुलिसकर्मियों विष्णु सिंह, सत्येंद्र गोंड व कबीरुद्दीनपुर में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक मनीष पटेल को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। इसी मामले में जलालपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ी पट्टी निवासी आरोपित सगे भाइयों विकास सिंह व संकित सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों पुलिस कर्मियों को एसपी ने निलंबित कर दिया था।
पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय विवेचना के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित की है। तकनीकी साक्ष्यों के संकलन के लिए प्रभारी सर्विलांस सेल को भी टीम में रखा गया है। एसआइटी जलालपुर व सुरेरी प्रकरण से जुड़े प्रत्येक बिंदु की गहन पड़ताल कर भौतिक व तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है।
उल्लेखनीय है कि धन उगाही प्रकरण उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आते ही तत्कालीन थाना प्रभारी मीरजापुर जेल के शहर कोतवाली क्षेत्र के अकोई गांव निवासी दिव्य प्रकाश सिंह खुद को फंसते देख बिना अवकाश लिए फरार हो गए थे। उन्हें शुक्रवार रात लाइन हाजिर फिर अगले दिन निलंबित कर दिया गया।
