178 साल पुराने शहर के प्रतिष्ठित दी बनारस क्लब के सात सदस्यीय प्रबंध समिति का चुनाव रविवार को हुआ। जीतने वालों में नवीन कपूर, नीरज अग्रवाल, अभिनव पांडेय, गौरव दास, मोहित मोहले, रितेश टिबरेवाल, तन्मय जैन हैं। सबसे कम 374 वोट पाने वाले प्रेम आहूजा चुनाव से बाहर हो गए। निर्वाचित सात सदस्यों ने अपने बीच से गौरव दास को सचिव और अभिनव पांडेय को कोषाध्यक्ष चुना है।
इनके अलावा दो सीनियर मेंबर के तौर पर जयदीप सिंह और राजीव सिंह सेंगर को चुना गया है। अन्य दो सदस्यों में उदय राजगड़िया और सुविग्य अग्रवाल, विशेष आमंत्रित महिला सदस्य में डॉ. प्रिया शर्मा व काम्या टंडन को चुना गया।
बनारस क्लब में सुबह 9:30 बजे से वार्षिक आम बैठक की शुरुआत हुई। अध्यक्षता क्लब के वरिष्ठ सदस्य डॉ. एनपी सिंह ने की। चुनाव अधिकारी एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार की देखरेख में मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव में कुल 1938 वोट में से कुल 751 मत पड़े। इनमें 12 मत निरस्त किए गए और 739 मत वैध पाए गए। चुनाव मैदान में कुल आठ प्रत्याशी थे। दीपक मधोक के पैनल से एकमात्र प्रेम आहूजा मैदान में थे जो चुनाव हार गए। बनारस क्लब के चुनाव 2026-27 में नवीन कपूर के पैनल ने 7-0 से जीत दर्ज की है। इस पैनल में नवीन कपूर सहित सात लोग थे।
निर्वाचित सदस्य – मिले मत
नवीन कपूर – 618
अभिनव पांडेय – 609
गौरव दास – 609
मोहित मोहले – 557
नीरज अग्रवाल – 554
तन्मय जैन – 521
रितेश टिबरेवाल – 519
प्रेम आहूजा को – 374
ब्रिटिश सिविल और सैन्य अधिकारियों ने 1848 में की थी बनारस क्लब की स्थापना
बनारस क्लब की स्थापना 1848 में ब्रिटिश सिविल और सैन्य अधिकारियों ने की थी। इसे उत्तर भारत के सबसे पुराने क्लबों में गिना जाता है। ब्रिटिश अधिकारियों के मनोरंजन और सामाजिक मेलजोल के उद्देश्य से कचहरी क्षेत्र के पास इसकी शुरुआत हुई। 5 फरवरी 1898 को यह द बनारस क्लब लिमिटेड के रूप में औपचारिक रूप से पंजीकृत हुआ। 1920 तक यह केवल ब्रिटिश अधिकारियों तक सीमित था, इसके बाद बनारस के प्रमुख भारतीय नागरिकों के लिए भी खोला गया। यह कंपनी अधिनियम की धारा 8 के तहत एक गैर-लाभकारी सार्वजनिक सीमित कंपनी के रूप में संचालित है। इसका प्रबंधन एक निर्वाचित प्रबंध समिति की ओर से किया जाता है।
आजीवन सदस्यता शुल्क 45 से 50 लाख के बीच
क्लब में खेल, फिटनेस, पुस्तकालय और सामाजिक आयोजनों से जुड़ी सुविधाएं केवल सदस्यों के लिए उपलब्ध हैं। क्लब की आजीवन सदस्यता शुल्क 45 से 50 लाख के बीच है। हर साल केवल 12 नए सदस्य जुड़ते हैं।
