करौंदी माता मंदिर की दानपेटी समेत चमनगंज क्षेत्र में कॉस्मेटिक की दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने के दो आरोपियों को सीपरी बाजार पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायर भी झोंका। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा समेत कारतूस एवं चोरी की वस्तुएं बरामद की हैं। दोनों बदमाशों को लिखा पढ़ी के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, यहां से उनको जेल भेज दिया गया।




सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि शनिवार तड़के पुलिस टीम को सिमरधा गांव के प्रतीक्षालय के पास कुछ बदमाशों के होने की बात मालूम चली। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे की अगुवाई में पुलिस टीम जा पहुंची। पुलिस को देख वहां मौजूद बदमाश फायरिंग करने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो तमंचा, कारतूस, चोरी का कॉस्मेटिक सामान और 3,930 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम शिवपुरी मध्य प्रदेश के करैरा निवासी बृजेंद्र रावत और वीरेंद्र कुशवाहा बताया। पुलिस को बताया कि शुक्रवार को चमनगंज इलाके से कॉस्मेटिक दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने के साथ ही रक्सा स्थित करौंदी माता मंदिर की दानपेटी एवं मंदिर के पीछे एक मकान में भी चोरी की थी। चोरी की रकम उन लोगों ने शराब में उड़ा दी। दोनों के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, चोरी, शस्त्र अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *