क्रासर

लोहिया अस्पताल में कराया गया भर्ती, प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत में कानपुर किया रेफर

फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर में तैनात एक पुलिसकर्मी शनिवार को सड़क हादसे का शिकार हो गया। बाइक से ड्यूटी पर जा रहे मुंशी को चाचूपुर मोड़ के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का पहिया उनके पैर के ऊपर से निकल गया। हादसे में उनका पैर बुरी तरह कुचलकर क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।

जानकारी के अनुसार कानपुर जनपद के ककवन क्षेत्र के मौजमपुर निवासी वीरेंद्र पुत्र महावीर पिछले करीब आठ महीने से थाना राजेपुर में मुंशी के पद पर तैनात हैं। वह अपनी पत्नी के साथ थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के कुइयांबूट में किराये के मकान में रहते हैं। शनिवार को वीरेंद्र रोजाना की तरह बाइक से थाना राजेपुर में ड्यूटी करने जा रहे थे। जैसे ही वह चाचूपुर मोड़ के निकट पहुंचे, तभी एक ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वीरेंद्र बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रक का पहिया उनके पैर के ऊपर से निकल गया, जिससे उनका पैर बुरी तरह कुचल गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल वीरेंद्र को तत्काल उपचार के लिए लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. ऋषिकांत वर्मा एवं डॉ. प्रदीप राजपूत ने उनका उपचार किया। पैर की हालत बेहद गंभीर होने और चोट अधिक होने के चलते चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर थाना मऊदरवाजा के थानाध्यक्ष अजब सिंह भी लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल मुंशी का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार के संबंध में जानकारी ली। ड्यूटी पर जा रहे पुलिसकर्मी के साथ हुए इस हादसे से पुलिस विभाग में चिंता का माहौल बना हुआ है।



Source link