भगवान श्रीराम की वनगमन यात्रा से जुड़े तीर्थस्थलों को जोड़ने के लिए तैयार हो रहा राम वनगमन पथ लोकार्पण से पहले ही अपनी मजबूती की परीक्षा में फेल होता नजर आ रहा है। शृंगवेरपुर धाम में लखनऊ मार्ग से गंगा पुल की ओर जाने वाली नवनिर्मित सड़क कई जगह धंस गई है। करीब 100 मीटर के दायरे में सड़क पर चार स्थानों पर दरारें पड़ने के साथ ही उसका कुछ हिस्सा नीचे बैठ गया है। सड़क की हालत को देखते हुए इस पर आवागमन रोक दिया गया है।
खास बात यह है कि जिस महत्वाकांक्षी परियोजना पर अरबों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, उसका लोकार्पण आने वाले महीने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराने की तैयारी है। ऐसे में लोकार्पण से ठीक पहले सड़क में दरार और धंसाव ने निर्माण एजेंसी से लेकर विभागीय निगरानी तक पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर सड़क धंसने की वजह पूछी है।
बारिश आई तो सड़क की पोल खुल गई
शृंगवेरपुर धाम में गंगा पुल से पहले सड़क की सतह पर कई स्थानों पर दरारें दिखाई दे रही हैं। कुछ हिस्सों में सड़क नीचे बैठ गई है। करीब 100 मीटर के दायरे में चार जगह ऐसी स्थिति सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि अभी सड़क पूरी तरह तैयार भी नहीं हुई और सामान्य बारिश में ही उसका एक हिस्सा धंस गया। भविष्य में इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ने पर सड़क की स्थिति क्या होगी, इसे लेकर भी चिंता है। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के साथ निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और सड़क की तकनीकी गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
