जागरण संवाददाता, आगरा। गांव वीरभान में गुरुवार रात डीजे पर गाना बजाने के विवाद में घोड़ी से गिराकर दूल्हे और बरातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया था। इस मामले में शनिवार को तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सात नामजद और 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। गांव निवासी सुरेंद्र की बेटी की गुरुवार रात बरात आई थी। बरात और दूल्हे पर दो दर्जन से अधिक लोगों ने हमला बोल दिया था।

हमलावरों ने घोड़ी से गिराकर दूल्हे और बरातियों को दौड़ाकर पीटा था। बीच-बचाव करने का प्रयास करने वालों से भी मारपीट की गई थी। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों द्वारा महिलाओं से अभद्रता और जातिसूचक शब्दों से संबोधित करने का भी आरोप लगाया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि डीजे पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का गाना बजाने पर आरोपित हमलावर हो गए थे।

तीन आरोपित किए गए गिरफ्तार

डीसीपी पश्चिमी जोन हरेंद्र सिंह ने बताया कि तीन आरोपितों सत्यम, हरिओम और वासुदेव को गिरफ्तार किया है। अन्य की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा क्षेत्र से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि पीड़ित परिवार से फोन पर बात की है।



Source link