बस्ती और अलीगढ़ के रहने वाले हैं आरोपी, एक के खिलाफ 36 और दूसरे पर दर्ज हैं चोरी समेत पांच मामले
गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके में मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवर, नकदी और सामान चोरी करने के दो आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान बस्ती के कोतवाली क्षेत्र स्थित गांधीनगर निवासी समीर अहमद उर्फ विक्की और अलीगढ़ के शासनीगेट निवासी भूपेंद्र लोधी उर्फ अमन के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से चोरी के 86.4 ग्राम सफेद धातु के आभूषण, सामान बेचकर मिले 1010 रुपये और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद हुई है। आरोपी समीर के खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत 36 मुकदमे दर्ज हैं जबकि भूपेंद्र पर चोरी के पांच मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्तूबर की रात चोरों ने गोरखनाथ के विकासनगर विस्तार आवासीय कॉलोनी में ओमप्रकाश प्रसाद के मकान को निशाना बनाया था। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का सेफ तोड़ दिया। इसके बाद सोने की एक अंगूठी, चेन, चांदी के आभूषण, 30 हजार रुपये नकद, कपड़े, कंबल समेत अन्य सामान समेट ले गए। मामले में त्रिपुरारी प्रसाद की तहरीर पर गोरखनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
भूपेंद्र वर्तमान में लखनऊ के गुडंबा इलाके में रह रहा था। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि समीर पर बस्ती और लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। वहीं, भूपेंद्र पर भी लखनऊ में चोरी के मामले दर्ज हैं।
