छेड़छाड़ के मामले में बृहस्पतिवार को पीड़िता कोर्ट में बयान देने पहुंची तो आरोपी बर्खास्त फायरमैन जितेंद्र राठौर ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस बुला ली। पुलिसकर्मियों के सामने कहने लगा कि उसे झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। इस पर आरोपी को कोर्ट से बाहर निकाल दिया गया। पीड़ित के बयान दर्ज किए गए। मामले में आज भी सुनवाई होगी। पीड़िता के बयान दर्ज किए जाएंगे।

मूलरूप से फिरोजाबाद के शिकोहाबाद का निवासी फायरमैन जितेंद्र राठौर आगरा में तैनात था। वर्ष 2024 में उसके खिलाफ न्यू आगरा स्थित शिक्षण संस्थान की मथुरा निवासी छात्रा ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामला सामने आने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया। उसका तबादला भी बहराइच कर दिया गया। वहां से सोनभद्र भेजा गया मगर वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण उसे बर्खास्त कर दिया गया।

कोर्ट में मामला विचाराधीन है। अभियोजन अधिकारी बृजमोहन कुशवाह ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे पीड़िता कोर्ट में बयान देने आई थी। उस दौरान पुलिस आ गई। बताया कि आरोपी ने फोन किया था। कहा था कि उसे झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। इस पर कोर्ट ने आरोपी को फटकार लगाई और चेतावनी देकर बाहर निकाल दिया।

वर्दी में कॉकरोच बनकर किया था प्रदर्शन

आठ जून को आरोपी फायरमैन दीवानी पहुंचा था। वर्दी में कॉकरोच बनकर प्रदर्शन किया। वह घुटने के बल तारीख पर पहुंचा था। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद आरोपी ने लखनऊ पहुंचकर अग्निकांड की घटना के बाद अग्निशमन विभाग में बाइक खरीद में घोटाले के आरोप लगाए थे। इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। उस पर कई और बड़े अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप हैं। पीड़ित युवती और उसके पिता के बारे में लगातार आपत्तिजनक बातें लिखकर परेशान करने का भी आरोप है। उसके खिलाफ हाईवे थाने में प्राथमिकी दर्ज है।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *