{“_id”:”6ae96821fa4f7add770e5500″,”slug”:”water-tank-burst-during-jalpari-show-in-bahraich-injuring-15-people-including-four-children-2026-11-03″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”बहराइच: जलपरी शो के दौरान 20 हजार लीटर पानी से भरा टैंक फटा, चार बच्चों समेत 15 घायल; मची चीख पुकार”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

मौके पर लोगों की भीड़।
– फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
यूपी के बहराइच में सोमवार देर रात जलपरी शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पानी से भरे टैंक का शीशा अचानक टूट गया। इससे चार बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी, फखरपुर पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। जबकि, अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना फखरपुर के खालिदपुर गांव की है। यहां दादा मियां के उर्स मेले में जलपरी शो चल रहा था। इसी समय हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय शो देखने के लिए करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे। टैंक के सामने खड़े बच्चे कांच की चपेट में आ गए। उनके सिर और चेहरे पर चोटें आईं। जलपरी का किरदार निभा रही युवती भी घायल हो गई। घायलों में अर्श (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) शामिल हैं। सभी खालिदपुर गांव के निवासी हैं।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी खालिदपुर गांव निवासी सलीम खान ने बताया कि वह परिवार के साथ उर्स मेले में पहुंचे थे। 50 रुपये का टिकट लेकर जलपरी शो देखने गए थे। शो के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ टैंक का शीशा टूट गया। पानी और कांच के टुकड़े बाहर आने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे के बाद आयोजक और केयर टेकर मौके से भाग गए।
बताया गया कि शो के लिए बनाए गए टैंक में करीब 20 हजार लीटर पानी भरा था। दर्शक बाहर लगे शीशे से टैंक के अंदर जलपरी का करतब देखते थे। एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं। आयोजक और केयरटेकर मौके से भाग गए। घायलों का सीएचसी में इलाज कराया गया है। इस मामले में आयोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

