{“_id”:”6aef57b45cc664029e08acb7″,”slug”:”out-of-control-dumper-truck-hits-a-motorcycle-and-crashes-into-a-shop-worker-and-the-motorcyclist-killed-2026-11-07″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”बांदा: बेकाबू डंपर बाइक को टक्कर मार दुकान में घुसा, कारीगर और बाइक सवार की मौत”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

बांदा में सड़क हादसा
– फोटो : अमर उजाला
तिंदवारी कस्बे में शनिवार रात करीब नौ बजे बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंडेन गैस एजेंसी के पास तेज रफ्तार डंपर बेकाबू होकर बाइक सवार को टक्कर मारते हुए बक्सा-फर्नीचर की दुकान में घुस गया। हादसे में दुकान पर काम कर रहे कारीगर और बाइक सवार की मौत हो गई।
फतेहपुर जिले के इकारी गांव निवासी कमरुद्दीन (45) बक्सा दुकानदार राम प्रसाद प्रजापति के यहां कारीगरी का काम करता था। शनिवार रात फतेहपुर की ओर से आ रहे डंपर ने पहले बाइक सवार सिकंदरपुर निवासी अजीम (40) को टक्कर मारी। इसके बाद डंपर दुकान के बरामदे में घुस गया। उसकी चपेट में आकर कमरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीएचसी तिंदवारी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, अजीम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित लोगों ने बांदा-टांडा मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष तिंदवारी संदीप पटेल ने बताया कि डंपर बेकाबू होकर दुकान में घुस गया था। हादसे में बक्सा मिस्त्री और बाइक सवार की मौत हुई है। डंपर चालक की तलाश की जा रही है।

