Mathura Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की दर्दनाक मौत हो गई. राया क्षेत्र में जयपुर-बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी और वहां काम कर रहे दादा, पिता और पोते को रौंद दिया. हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक घायल हो गया. मृतकों की पहचान 70 वर्षीय जवाहर सिंह, उनके 42 वर्षीय बेटे हमवीर सिंह और 24 वर्षीय पोते अंकित के रूप में हुई है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा है.
पूर्वजों की समाधि बना रहे थे तीनों
यह दर्दनाक हादसा मथुरा के राया थाना क्षेत्र के गांव गज्जू के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब आठ बजे जवाहर सिंह अपने बेटे हमवीर और पोते अंकित के साथ खेत में पूर्वजों की समाधि बनाने और उसकी रंगाई-पुताई का काम कर रहे थे. तीनों इसी काम में जुटे थे, तभी अलीगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार लाल रंग की स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित हो गई.
हाईवे से उतरकर खेत में घुसी कार
तेज रफ्तार कार सड़क से नीचे उतरकर सीधे खेत में जा घुसी. कार ने काम कर रहे तीनों लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. इसके बाद कार करीब 70 मीटर दूर जाकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए.
कार चालक भी हुआ घायल, नींद की झपकी आने की आशंका
हादसे में कार चालक अमन शर्मा भी घायल हो गया. पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. सीओ महावन संजीव कुमार राय के अनुसार, शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होने की बात सामने आई है. हालांकि, पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
ग्रामीणों ने हाईवे पर लगाया जाम
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पर हाईवे जाम कर दिया और शव उठाने का विरोध किया. सूचना मिलने पर राया थाना पुलिस के साथ चार थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई.
मथुरा हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख
मथुरा में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और पीड़ित परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं. एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की मौत से गांव गज्जू में शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें: अयोध्या, काशी और मथुरा को दहलाने की धमकी: 27 नवंबर तक अलर्ट, स्कूलों-मंदिरों की बढ़ाई गई सुरक्षा
