संवाद सहयोगी, वृंदावन (मथुरा)। उम्र भले ही सौ वर्ष हो गई, लेकिन मन में ब्रज की परिक्रमा करने की अभिलाषा आज भी उतनी ही प्रबल थी। पैरों ने साथ छोड़ दिया तो बेटे और नातियों ने उनकी इच्छा को अपना संकल्प बना लिया। देवोत्थान एकादशी पर ब्रज की धरती पर मातृभक्ति का ऐसा अनूठा दृश्य देखने को मिला, जिसने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया।
छाता तहसील के गांव कामर निवासी 100 वर्षीय नथिया ने परिवार के सामने मथुरा-वृंदावन की परिक्रमा करने की इच्छा जताई। उनकी अभिलाषा पूरी करने के लिए बेटे प्रेमचंद्र बेनीवाल और नाती हेमराज व उमाशंकर बेनीवाल ने उन्हें एक टब में बैठाकर सिर पर उठा लिया और तीन वन की परिक्रमा पूरी कराई।

अनूठी मातृभक्ति देख भावुक हुए श्रद्धालु, बोले, कलियुग के श्रवण कुमार

परिक्रमा मार्ग पर इस अनूठे दृश्य को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। किसी ने इस पल को अपने मोबाइल में कैद किया तो किसी ने परिवार के इस समर्पण को नमन किया। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद लोग उन्हें कलियुग का श्रवण कुमार कहने लगे। यह दृश्य संदेश दे गया कि अपनों की इच्छाओं को पूरा करने का जज्बा हो तो उम्र और परिस्थितियां भी आड़े नहीं आतीं।



Source link