उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से अर्नब तूफान और पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने लगेगा। विंध्य क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश के बाकी हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर थमने के आसार हैं। 

इससे पहले शनिवार को भी बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम ठंडा बना रहा। ज्यादातर जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और धूप नहीं निकली। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। 

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट के संकेत हैं। बारिश थमने के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है।

कहां कितनी हुई बारिश

बारिश के चलते शनिवार को गोरखपुर में अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात रही। बारिश के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को गोरखपुर में 63.8 मिमी, सिद्धार्थनगर में 62.2 मिमी, बस्ती में 57.2 मिमी, महाराजगंज में 56.6 मिमी और मथुरा में 31 मिमी बारिश दर्ज की गई।

नवंबर में ठंड और बारिश दोनों रहेंगे सामान्य से कम

नवंबर में उत्तर प्रदेश में बारिश के सामान्य से कम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि मध्य और पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की फुल्की बारिश रह सकती है। तापमान की बात करें तो दिन और रात दोनों का पारा सामान्य से अधिक रहने के संकेत हैं। ऐसे में नवंबर में ठंड सामान्य से कम रह सकती है।



Source link

अभी अभी की खबरें