UP: BJP enters election mode, launches special campaign to counter opposition; these 24 departments are respon

यूपी में भाजपा की चुनावी तैयारियां।
– फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बढ़ाने और विपक्ष के नकारात्मक प्रचार का जवाब देने के लिए अपने 24 प्रकोष्ठों को सक्रिय कर दिया है। शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, व्यापारी, युवा, मजदूर और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों समेत विभिन्न वर्गों के बीच संपर्क और संवाद बढ़ाने की जिम्मेदारी प्रकोष्ठों को सौंपी गई है। साथ ही एसआईआर समेत अन्य मुद्दों पर विपक्ष को तथ्यात्मक जवाब देने वाले लोगों को तैयार करने की रणनीति बनाई गई है।


भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को आयोजित प्रकोष्ठ संकुल की प्रदेश बैठक में राष्ट्रीय समन्वयक वीडी शर्मा ने पदाधिकारियों को चुनावी माइक्रो मैनेजमेंट का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी सर्वव्यापी भाजपा को सर्वस्पर्शी बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों की योजनाओं और फैसलों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर उन्हें संगठन से जोड़ना होगा। लगातार संपर्क के जरिये पार्टी के पक्ष में जनसमर्थन तैयार करना होगा।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पदाधिकारी केवल प्रकोष्ठ संयोजक की भूमिका तक सीमित न रहें, बल्कि भाजपा कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण अभियान में भागीदारी बढ़ाने और युवाओं, महिलाओं समेत सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संपर्क, संवाद और समन्वय से समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ना है। संगठन की जिम्मेदारी पूरी क्षमता, परिश्रम और समर्पण से निभाएं, ताकि चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत में योगदान दे सकें। बैठक में प्रदेश समन्वयक ओम प्रकाश श्रीवास्तव, सह समन्वयक संतराम यादव व मिथिलेश त्रिपाठी समेत 24 प्रकोष्ठों के संयोजक, सह संयोजक और सदस्य शामिल हुए।



Source link