नकली दवाओं के कारोबार की जांच में हिमाचल प्रदेश की तीन फार्मा कंपनियों की भूमिका सामने आई है। इनमें बद्दी स्थित वीडी फार्मा भी शामिल है, जहां बिना लाइसेंस दवाओं का निर्माण और सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। एसटीएफ तीनों कंपनियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। इस बीच नेटवर्क से जुड़े दो और लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसटीएफ की जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी हसीन और मोनू सीधे फार्मा कंपनियों से जुड़े थे। दोनों सप्लायरों के भी संपर्क में रहते थे। नेटवर्क में हसीन के भाई वसीम और पंकज की भूमिका भी सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ ने वसीम और पंकज को भी हिरासत में लेकर साक्ष्यों की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, गिरोह हर महीने करोड़ों रुपये की नकली दवाएं बाजार में खपा रहा था। एसटीएफ यह पता लगा रही है कि दवाओं के निर्माण में फार्मा कंपनियों के संसाधनों का इस्तेमाल हुआ था या कंपनी के अधिकारियों की जानकारी और मिलीभगत से यह कारोबार चल रहा था।
जांगी एप से करते थे बातचीत: गिरोह के सदस्य संपर्क के लिए जांगी एप का इस्तेमाल करते थे। इस पर फर्जी नामों से खाते बनाए गए थे, ताकि असली पहचान छिपी रहे। दवाओं के कारोबार का लेनदेन नकद और बैंक खातों के जरिये किया जाता था। एसटीएफ अब बैंक खातों, डिजिटल संपर्को और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगा रही है कि नकली दवाओं की सप्लाई किन-किन इलाकों में की गई।
डेढ़ साल से किराये के मकान में चल रही थी फैक्टरीः जांच में सामने आया कि रजपुरा में सुखविंदर सिंह के मकान को बदायूं निवासी सुनील कुमार ने किराये पर लिया था। वह अपने साथियों के साथ करीब डेढ़ साल से यहां नकली दवाएं तैयार कर विभिन्न राज्यों में सप्लाई कर रहा था। छापे के दौरान टीम को भारी मात्रा में नकली दवाएं, कच्चा माल और कैप्सूल फिलिंग और टैबलेट पैकिंग की मशीनें बरामद हुई हैं।
15 से 20 हजार रुपये में करते थे पैकिंग: हसीन ने बताया कि वह छह-सात महीने से नकली दवाओं की पैकिंग और कुरियर से अलग-अलग राज्यों में भेजने का काम कर रहा था। इसके लिए उसे सुनील कुमार 20 हजार रुपये प्रतिमाह देता था। वहीं, मोनू करीब एक साल से दवाओं की पैकिंग और लेबलिंग कर रहा था। उसे 15 हजार रुपये महीने मिलते थे।

