कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी करने वाले प्रदेश के मूल निवासी तीर्थयात्रियों को धर्मार्थ कार्य विभाग द्वारा एक लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इसके तहत अनुदान प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विभाग की ओर से जारी निर्देश के अनुसार यात्रा पूरी करने वाले पात्र तीर्थयात्री यात्रा समाप्त होने की तिथि से 90 दिनों के अंदर धर्मार्थ कार्य विभाग की वेबसाइट www.updharmarthkarya.in व http://www.updharmarthkarya.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में तीर्थयात्रियों को नई पासपोर्ट फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट व वीजा की प्रति, बैंक खाते का विवरण, कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी करने का प्रमाण-पत्र आदि आवश्यक अभिलेख ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
इस साल की कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था 15 जून को गाजियाबाद के इंदिरापुरम से रवाना हुआ था। दो जुलाई को यात्रा पूरी कर वापस लौट आया है। ऐसे में यात्रा पूरी कर चुके पात्र तीर्थयात्री अब राज्य सरकार की अनुदान योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। ताकि उन्हें शासन द्वारा निर्धारित एक लाख के अनुदान का लाभ समय से मिल सके।
