मैनपुरी के नवीगंज में नेशनल हाईवे-34 स्थित फ्लाईओवर पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मिर्जापुर से दिल्ली जा रही एक कार सड़क के बीच निकले लोहे के एंगल से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य सवारों को भी चोटें आईं।

मिर्जापुर जिले के अदलाहट थाना क्षेत्र के ग्राम शेरपुर निवासी चंदन सिंह, मामा आनंद सिंह, मनोज पटेल व एक अन्य साथी के साथ दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। सुबह लगभग सवा चार बजे जैसे ही उनकी कार नवीगंज फ्लाईओवर पर पहुंची, सड़क के मध्य उभरे लोहे के भारी एंगल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार पलट गई और उसकी ईंधन टंकी फट गई। इसी लोहे के एंगल की चपेट में आने से पीछे आ रहे एक ट्रेलर और पिकअप का टायर भी फट गया।

हादसे में मनोज पटेल के सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं। कार सवार चंदन सिंह ने घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताते हुए सीधे तौर पर एनएचएआई (NHAI) को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से एनएचएआई की घोर लापरवाही है, जिसने समय रहते सड़क से बाहर निकले खतरनाक लोहे के एंगल को दुरुस्त नहीं कराया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

इसके अलावा, चंदन ने स्वास्थ्य सेवाओं पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि दुर्घटना के बाद वे लोग करीब एक घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करते रहे, लेकिन वह समय पर नहीं आई। लगभग सवा घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी बेवर पहुँचाया, जहाँ से मनोज पटेल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल मैनपुरी रेफर कर दिया। इसके उपरांत एनएचएआई कर्मियों ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारू कराया।



Source link

अभी अभी की खबरें