फतेहपुर। पिछले वर्ष पटाखा बाजार में आग लगने की घटना से सबक लेते हुए प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। दीपावली पर पटाखे की बिक्री के लिए दो स्थान चिह्नित किए गए हैं। बांदा-सागर रोड स्थित मंडी समिति के पास 40 और एमजी कॉलेज परिसर में 30 दुकानें लगाई जाएंगी।
बुधवार को एडीएम न्यायिक अंश कुमार और सीओ खागा अनिल कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों स्थलों का निरीक्षण किया। गौरतलब है कि पिछले वर्ष एमजी कॉलेज परिसर में लगे पटाखा बाजार में शार्ट सर्किट से आग लग गई थी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी जसवीर सिंह ने बताया कि प्रत्येक दुकान पर आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम अनिवार्य होंगे। दुकानदारों को बालू, पानी से भरा ड्रम और अग्निशमन यंत्र रखना होगा।
तीन दिन चलेगा बाजार
पटाखा बाजार में शुक्रवार को दुकानें सजाई जाएंगी। शनिवार और रविवार को आतिशबाजी की बिक्री होगी। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बाजार की निगरानी के लिए तीनों तहसीलों से कानूनगो और लेखपालों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को लगातार निरीक्षण करने को कहा गया है।

