प्रदेश में पांच फरवरी से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एक तरफ जहां तैयारियां तेज हो गई हैं वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से छात्रों को कोर्स पूरा कराने के साथ ही उनके लिए कठिन टॉपिक को आसानी से समझाने की पहल की गई है। इस क्रम में ””टफ टॉपिक, ईजी ट्रिक्स”” के तहत हाईस्कूल (कक्षा 10) के छात्रों के लिए कठिन टॉपिक को समझाने वाले वीडियो तैयार कराए गए हैं।
बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से बोर्ड परीक्षा की तैयारी को सरल व प्रभावी बनाने की पहल की गई है। इस क्रम में राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआईईटी) द्वारा गणित के 15 महत्वपूर्ण टॉपिक पर विशेष शैक्षणिक वीडियो तैयार किए गए हैं। इन वीडियो में कठिन गणितीय सिद्धांतों, प्रमेयों व सवालों को आसान ट्रिक्स, सरल सूत्रों और उदाहरणों से समझाया गया है।
इसमें प्रमुख रूप से दो चरों वाले रैखिक समीकरण: अनुपात विधि, दो चरों वाले रैखिक समीकरण: आलेखीय विधि द्वारा हल, द्विघात समीकरण: विविक्तकर की सहायता से मूलों की प्रकृति ज्ञात करना, द्विघात समीकरण: व्यावहारिक प्रश्न (नाव की धारा के अनुकूल एवं प्रतिकूल दिशा में गति), द्विघात समीकरण: व्यावहारिक प्रश्न (ट्रेन की गति में कमी से संबंधित), समांतर श्रेणी के महत्वपूर्ण सूत्र शामिल हैं।
इसी तरह समरूप त्रिभुज: त्रिभुजों का सही नामकरण एवं उसका महत्व, समरूप त्रिभुज: समरूपता की कसौटियां, मूल समानुपातिकता प्रमेय व इसका विलोम, वृत्त संबंधी प्रमेय: स्पर्श रेखा त्रिज्या पर लंब होती है, वृत्त: बाहरी बिंदु से खींची गई दोनों स्पर्श रेखाओं की लंबाई समान होती है, त्रिकोणमितीय सर्वसमिकाएं: महत्वपूर्ण सर्वसमिकाएं एवं आसान ट्रिक्स, ऊंचाई एवं दूरी: अवधारणाएं, सूत्र एवं आसान ट्रिक्स, ठोस आकृतियों के पृष्ठीय क्षेत्रफल एवं आयतन: संयुक्त ठोस आकृतियों से संबंधित प्रश्न, समूहबद्ध आंकड़ों का माध्यिका: माध्यिका की गणना को भी शामिल किया गया है।
अपर मुख्य सचिव ने सभी शिक्षक व अधिकारी को निर्देश दिया है कि वे इन सभी वीडियो को खुद देखें। इसके साथ ही अधिक से अधिक छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों से साझा करें। विद्यालयों में भी छात्रों को इन वीडियो के माध्यम से तैयारी के लिए प्रेरित करें, ताकि गणित के कठिन टॉपिक को सरलता से समझने में उन्हें सहायता मिल सके।

