दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों में कन्फर्म टिकट की मारामारी शुरू हो गई है। बीती 10 अक्टूबर को दिल्ली में कोकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के मद्देनजर आगरा-दिल्ली मार्ग की दो दर्जन ट्रेनें निरस्त कर दी गई थीं। इस वजह से एक हजार से अधिक यात्रियों ने अपने टिकट रद कराए थे, जिससे सीटों की उपलब्धता बढ़ने से वेटिंग लिस्ट का ग्राफ गिर गया था। हालांकि, अब त्योहार नजदीक आते ही लंबी दूरी की ट्रेनों में एक बार फिर वेटिंग बढ़ने लगी है।
सोमवार 12 से 20 अक्टूबर की यात्रा के लिए उपलब्ध टिकट स्थिति के अनुसार, बेंगलूरू जाने वाली कर्नाटक एक्सप्रेस के स्लीपर में 24, थर्ड एसी में 19 और सेकंड एसी में सात की वेटिंग है। राजधानी एक्सप्रेस के थर्ड एसी में 14, सेकंड में छह और फर्स्ट एसी में एक की वेटिंग बनी हुई है। जम्मू तवी जाने वाली झेलम एक्सप्रेस के स्लीपर में 40, थर्ड एसी में 21 और सेकंड एसी में छह की वेटिंग है। पुणे जाने वाली गोवा एक्सप्रेस के स्लीपर में 78 और थर्ड एसी इकॉनमी में 25 की वेटिंग है।
पुणे जाने वाली झेलम एक्सप्रेस के स्लीपर में 19, थर्ड एसी में 10 और सेकंड एसी में पांच की वेटिंग है। अहमदाबाद जाने वाली गर्भा एक्सप्रेस के स्लीपर में नौ, थर्ड एसी में 10 और सेकंड एसी में पांच की वेटिंग है। त्योहारों पर घर जाने के लिए यात्री पहले से आरक्षण करा रहे हैं। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों के संचालन के बावजूद नियमित ट्रेनों में सीटों की मांग कम नहीं हो रही है। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि त्योहारों पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कोच भी लगाए जा रहे हैं।
15 को ललितपुर तक ही चलेगी शताब्दी एक्सप्रेस
आगासोद स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के कारण 15 अक्तूबर को नई दिल्ली-रानी कमलापति शताब्दी एक्सप्रेस ललितपुर तक ही जाएगी। इससे आगरा कैंट से भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन जाने वाले यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए दूसरे साधन तलाशने होंगे।
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि झांसी मंडल के बीना-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलखंड पर तीसरी लाइन के काम के कारण शताब्दी के परिचालन में बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 12002 नई दिल्ली-रानी कमलापति शताब्दी आगरा कैंट पर सुबह 7:50 बजे पहुंचकर 7:55 बजे रवाना होती है।
15 अक्तूबर को ये ट्रेन ललितपुर तक ही चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 12001 ललितपुर से शाम 5:36 बजे रवाना होगी और आगरा कैंट पर रात 9:20 बजे पहुंचकर 9:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी।
