चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए डीआरआई (राजस्व खुफिया निदेशालय) की टीम ने एक यात्री के पास से भारी मात्रा में करीब 12 करोड़ रुपये कीमत की हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया है।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक सोमवार को डीआरआई विभाग को खुफिया सूचना मिली कि बैंकॉक से रात 10:35 बजे लखनऊ पहुंचने वाली एयर एशिया की फ्लाइट (एफडी-146) से आ रहे एक यात्री के पास भारी मात्रा में मादक पदार्थ मौजूद है।
इस सूचना पर डीआरआई विभाग की टीम लखनऊ एयरपोर्ट पर मुस्तैद हो गई और बैंकॉक से पहुंचे इस विमान के यात्रियों की गहनता से जांच शुरू कर दी। तभी एयरपोर्ट बिल्डिंग में जांच के दौरान उक्त विमान से आए एक संदिग्ध यात्री के सामान की तलाशी ली गई। जहां पर जांच के दौरान उसके बैग में करीब 12 किलो गांजा बरामद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्रग्स को जब्त कर आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि बरामद हाइड्रोपोनिक वीड उच्च गुणवत्ता की मादक पदार्थ श्रेणी में आता है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी मांग है।
आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। गौरतलब है कि लखनऊ एयरपोर्ट पर पहले भी कई बार करोड़ों रुपये की ड्रग्स पकड़ी जा चुकी है। इसके बावजूद तस्कर नए-नए तरीकों से मादक पदार्थों की तस्करी करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
