उन्नाव-पुरवा मार्ग पर दही थाना क्षेत्र में लोडर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। उन्नाव-पुरवा मार्ग पर दरोगा खेड़ा के मंगलवार रात करीब 11 बजे उन्नाव की ओर से जा रहे बाइक सवार दो युवकों को सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद लोडर भी अनियंत्रित होकर खंती में जा गिरा।
हादसे में घायल हुए बाइक सवारों में एक की उम्र करीब 32 और दूसरे की लगभग 28 वर्ष है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां, डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे के बाद लोडर चालक मौके से भाग निकला। दही थाना अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बाइक नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
