राजधानी में एक महिला ने अपने वैवाहिक संबंध खत्म करने के लिए खुद खुला की घोषणा कर दी। बेबी खान हिना ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर कुरआन में मिले अधिकार का हवाला देते हुए पति वस्सन खान से निकाह खत्म करने का एलान किया। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को रजिस्टर्ड डाक से पति को खुलानामा भेज दिया है। उनका दावा है कि खुला के लिए न तो पति की सहमति जरूरी है और न ही किसी मौलवी की मंजूरी। बेबी खान ने इसके समर्थन में कुरआन की सूरह अल-बकरह की आयत 229, सहीह बुखारी की हदीस और ऐतिहासिक दस्तावेजों का हवाला दिया।

बेबी खान हिना के मुताबिक, उनका निकाह सात अप्रैल 2019 को हुआ था। वैवाहिक जीवन में परेशानियों के चलते उन्होंने अलग होने का फैसला लिया। पति पर प्रताड़ना का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि पति को सुलह और मध्यस्थता के लिए चार जुलाई और सात अगस्त को रजिस्टर्ड डाक से नोटिस भेजे गए थे। इसके बाद भी उन्होंने परिवार को बिखरने से रोकने का कोई प्रयास व सहयोग नहीं किया। मजबूरन उन्हें अपने शरई अधिकार का इस्तेमाल करते हुए खुला की घोषणा करनी पड़ी।

प्रेसवार्ता में बेबी खान के साथ मौजूद शोधार्थी, लेखक व सामाजिक कार्यकर्ता नाइश हसन और नवाबउद्दीन ने बताया कि कुरआन की सूरह अल-बकरह की आयत 229 में पति-पत्नी के बीच संबंध बनाए रखना संभव न होने की स्थिति में महिला को कुछ प्रतिफल देकर विवाह से अलग होने का अधिकार दिया गया है। इसके अलावा सहीह बुखारी में हजरत साबित इब्न कैस की पत्नी के खुला लेने का उदाहरण भी मिलता है। उन्होंने 1947 के सीतापुर के एक मामले और प्रिवी काउंसिल के फैसले का भी हवाला दिया।

उन्होंने कहा कि खुला के लिए महिलाओं को धार्मिक संगठनों के चक्कर लगाने और अनावश्यक शुल्क देने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने केरल और तेलंगाना हाईकोर्ट के फैसलों का भी उल्लेख किया।

इस मामले में क्या कहते हैं धर्मगुरु

मुस्लिम धर्म में निकाह शरई तौर तरीके से होता है। मुस्लिम महिलाओं को खुला का अधिकार है। इससे कोई इन्कार नहीं किया जा सकता। इस तरह के विवाद के निपटारे के लिए दारुल कजा है। अगर शरई तौर पर दारुल कजा के माध्यम से यह कार्य होता तो बेहतर होता।- मौलाना खालिद रशीद, सुन्नी धर्मगुरु एवं अध्यक्ष इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया

लड़की को है खुला देने का अधिकार

लड़की को खुला लेने का अधिकार है, लेकिन यह खुला किसी प्रेसवार्ता में नहीं, बल्कि दारुल कजा या हाकिमे शरा के सामने हो। वहां पत्नी अपने मुकदमे को पेश करे और हाकिमे शरा लड़की के लगाए गए आरोपों का नोटिस भेजकर पति को बुलाकर बात करे। लड़की के आरोप सही होते हैं तो पति के सामने या उसकी गैर मौजूदगी में हाकिमे शरा या दारुल कजा का काजी तलाक पढ़ देगा। यह खुला अवैध है, पति चाहे तो मुस्लिम पर्सनल एक्ट के अंतर्गत न्यायालय में गुहार लगा सकता है।– मौलाना सैफ अब्बास नकवी, शिया धर्मगुरु

 



Source link