वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने छात्रों से जिज्ञासु बने रहने, वैज्ञानिक सोच विकसित करने और मानवीय मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य युवा पीढ़ी के सपनों, फैसलों और प्रयासों से ही आकार लेगा।

सीएमएस सुशांत गोल्फ सिटी में दो दिवसीय विज्ञान मेले को संबोधित करते हुए वायुसेना प्रमुख ने कहा कि इस संस्थान ने उन्हें सिर्फ अकादमिक आधार ही नहीं दिया, बल्कि निस्वार्थ सेवा की भावना और यह विश्वास भी दिया कि व्यक्ति अपने से बड़ी किसी चीज के लिए होता है। उन्होंने कहा, शायद इसीलिए मैंने वर्दी वाला यह जीवन चुना। स्कूल के दिनों को याद करते हुए उन्होंने समाज की सेवा के बारे में सीखे गए पाठों का जिक्र किया।

पूर्व छात्र की नजर से छात्रों में दिखता कल

संस्थान के पूर्व छात्र के रूप में छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, जब मैं आप सभी को देखता हूं, तो मुझे भारत का भविष्य दिखता है। मुझे आपके भीतर वैज्ञानिक, इंजीनियर, पायलट, रक्षा अधिकारी, अंतरिक्ष यात्री, उद्यमी, कलाकार और नेता दिखते हैं। छात्रों के बैंड, वैज्ञानिक प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि युवा प्रतिभागियों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता से वे विशेष रूप से प्रभावित हुए।

जिज्ञासा की ताकत और अंतरिक्ष की उड़ान

स्कूल में 1971 में आयोजित विज्ञान मेले को याद करते हुए बोले कि यह देखना प्रेरणादायक है कि कैसे छात्रों की पीढ़ियों ने जिज्ञासा और नवाचार की इस परंपरा को आगे बढ़ाया है। कभी पूरे कमरे में समाने वाले कंप्यूटर अब हमारी जेब में समा जाते हैं, लेकिन एक चीज नहीं बदली है – जिज्ञासा की ताकत। देश अंतरिक्ष अन्वेषण में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। सूर्य का अध्ययन करने वाले मिशन, गगनयान कार्यक्रम के तहत भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी और भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन पर काम चल रहा है। इन महत्वाकांक्षी मिशनों में योगदान देने वाले कुछ वैज्ञानिक, इंजीनियर और अंतरिक्ष यात्री कार्यक्रम में मौजूद छात्रों के बीच ही बैठे हो सकते हैं।



Source link